


लखनपुर। प्रिंस सोनी: विकासखंड लखनपुर के सामुदायिक भवन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवा और स्वयंसेवक शामिल हुए। सम्मेलन में विभाग संपर्क प्रमुख कृष्ण त्रिपाठी मुख्य रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने युवाओं को संबोधित किया।
अपने संबोधन में कृष्ण त्रिपाठी ने युवाओं को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्य, उद्देश्य और संगठन की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं की भूमिका राष्ट्र निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं को संघ की शाखाओं से जुड़कर राष्ट्र, समाज और संस्कृति की सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि संघ की शाखाओं में आकर संगठन को नजदीक से समझें और देशप्रेम, धर्म तथा संस्कृति की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि आज समय की आवश्यकता है कि सभी लोग मिलकर “एक राष्ट्र, श्रेष्ठ राष्ट्र” के संकल्प को साकार करें और समाज में राष्ट्रीय चेतना को मजबूत बनाएं।
कार्यक्रम में खंड संघचालक सत्यानारायण तिवारी, सहसंघचालक डॉ. रवि भूषण पाण्डेय, खंड कार्यवाह यतेंद्र पाण्डेय, संपर्क प्रमुख प्रदीप गुप्ता, व्यवस्था प्रमुख हरि साहू, सुरेश गुप्ता, प्रदीप रजवाड़े, मदन सिंह और विनय प्रजापति सहित बड़ी संख्या में संघ के स्वयंसेवक एवं क्षेत्र के युवा उपस्थित रहे।
सम्मेलन के दौरान युवाओं में संगठन के प्रति उत्साह देखने को मिला और उन्होंने राष्ट्र सेवा के लिए संघ की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने का संकल्प लिया।
































