


अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मानस भवन में सम्मान समारोह, समाज के अलग-अलग क्षेत्रों की महिलाओं को किया गया सम्मानित
कोरिया/बैकुंठपुर( अभिषेक सोनी)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को कोरिया जिले में पुलिस विभाग द्वारा मानस भवन बैकुंठपुर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश योगेश पारिक थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने की। विशिष्ट अतिथियों में सीजीएम प्रतिक्षा अग्रवाल, जेएमएफसी प्रेरणा अहीरे, जेएमएफसी धरणी राणा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अमृता मिश्रा, वरिष्ठ समाजसेविका वंदना दत्ता, मनोवैज्ञानिक डॉ. सोमा नायर तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय बैकुंठपुर की प्रमुख ब्रह्मा कुमारी रेखा उपस्थित रहीं।कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, चंदन तिलक एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद पीजी कॉलेज समूह द्वारा बाहरी द्वार पर पारंपरिक नृत्य के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस जवानों एवं अन्य प्रतिभागियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
इस अवसर पर स्वच्छता दीदी, महिला ई-रिक्शा चालक, चिकित्सा विभाग, न्याय विभाग, शिक्षा विभाग, वन विभाग, एसईसीएल, महिला उद्यमी तथा वृद्धाश्रम से जुड़ी महिलाओं को समाज में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही पुलिस परिवार की महिलाओं और उन बच्चों को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने अपने संबोधन में कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक दिवस का विषय नहीं है, बल्कि समाज में महिलाओं की भूमिका को सम्मान और समान अवसर देना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस परिवार के सदस्य, अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।यह आयोजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे की विशेष पहल पर किया गया, जबकि मंच संचालन स्वयं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे एवं सैनिक महेश मिश्रा द्वारा किया गया।
































