अंबिकापुर: सरगुजा जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में मारपीट के एक मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कैंची जब्त की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेजा गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मिशन चौक अंबिकापुर निवासी आरती रजक ने 8 मार्च 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 मार्च की शाम आरोपी जय रजक उनके घर के सामने मोटरसाइकिल खड़ी कर तेज आवाज में एक्सीलेटर और हॉर्न बजा रहा था, जिससे घर का छोटा बच्चा बार-बार उठ जा रहा था और परिवार के लोग परेशान हो रहे थे। इस पर प्रार्थिया के देवर ने आरोपी को ऐसा करने से मना किया तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया और किसी धारदार वस्तु से उसके कान पर वार कर दिया।

पीड़िता ने बताया कि बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। इसके बाद जब परिवार के लोग घायलों को इलाज के लिए ले गए तो आरोपी घर में घुसकर प्रार्थिया के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। घटना के बाद से आरोपी लगातार छत से गाली-गलौज करना, पत्थर फेंकना और परिवार के लोगों को धमकाने जैसी हरकतें करता रहा।प्रार्थिया की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 153/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना नाम जय रजक (23 वर्ष) निवासी मिशन चौक केदारपुर अंबिकापुर बताया और घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कैंची भी बरामद कर ली है।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, उप निरीक्षक के.के. यादव, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, आरक्षक सुरजीत कोरी और आनंद गुप्ता की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!