


रायपुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) विश्व रंजनका निधन हो गया। उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में बीती रात अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार थे और पटना के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, पिछले महीने हृदय संबंधी समस्या के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही थी, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और अंततः उनका निधन हो गया।विश्व रंजन वर्ष 1973 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारी थे। मध्य प्रदेश के विभाजन के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर मिला था। वे वर्ष 2007 में छत्तीसगढ़ के छठवें पुलिस महानिदेशक नियुक्त किए गए थे और लगभग चार वर्षों तक इस पद की जिम्मेदारी निभाई। वर्ष 2011 तक उन्होंने राज्य की पुलिस व्यवस्था का नेतृत्व किया।अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन को मजबूत बनाने और विशेष रूप से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए कई अहम कदम उठाए। उनके नेतृत्व में पुलिस विभाग में कई महत्वपूर्ण सुधार भी किए गए।विश्व रंजन लंबे समय तक इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) मे प्रतिनियुक्ति पर भी रहे। वहां उन्होंने एडिशनल डायरेक्टर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए खुफिया तंत्र को मजबूत बनाने में योगदान दिया।उनके निधन की खबर से पुलिस महकमे और प्रशासनिक क्षेत्र में शोक की लहर है। कई वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
































