


बलरामपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरा-बकसपुर मार्ग पर गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार अज्ञात काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए दो शिक्षकों की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 3:15 बजे डीएवी पतरातु के शिक्षक मुकेश गुप्ता (30 वर्ष), पिता हीरा प्रसाद गुप्ता तथा सतीश यादव (35 वर्ष), पिता उमेश यादव सेमरा-बकसपुर मार्ग से स्कूल ने वापस आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही काले रंग की अज्ञात स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों शिक्षक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की स्थिति गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
































