


कोरिया: होली पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न करने के उद्देश्य से कोरिया पुलिस के द्वारा सोमवार दिनांक 2 मार्च को फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के पूर्व पुलिस लाइन पहुंचकर पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को फ्लैग मार्च एवं होली पर्व की ड्यूटी को लेकर ब्रीफ किया गया इसके बाद पुलिस के अधिकारियों और जवानों द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया पुलिस लाइन से शुरू हुआ फ्लैग मार्च बैकुंठपुर शहर के प्रमुख मार्गो से होकर निकला। इसके बाद चरचा शहर और पटना क्षेत्र के प्रमुख मार्ग, चौराहा से होकर वापस बैकुंठपुर में समाप्त हुआ। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने लोगों को शांति व्यवस्था बनाए रखना व अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य होली को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न करना और सामाजिक तत्वों में भय उत्पन्न करना था। होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंग, नशे की हालत में वाहन चलाने, शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। चौक चौराहों पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच होगी। बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए बिना अनुमति डीजे बजाने और विवादित गाने चलाने पर कार्रवाई होगी, आवश्यकता पड़ने पर डीजे जप्त भी किए जाएंगे। यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट अनिवार्य रूप से पहने, ट्रिपल राइडिंग से बचें, किसी पर जबरन रंग न लगाने , ज्वलन शील पदार्थ का प्रयोग न करने, मुखौटा लगाकर न घूमें , साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक व आपत्तिजनक पोस्ट करने से बचने की भी अपील की गई। लोगों से सहयोग करने की अपेक्षा करते हुए पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
फ्लैग मार्च में एसडीओपी राजेश साहू ,डीएसपी श्याम मधुकर, रक्षित निरीक्षक नितेश आर नायर सभी थाना प्रभारी गण एवं यातायात प्रभारी बीरबल राजवाड़े सहित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।































