सूरजपुर: सूरजपुर जिले के महेशपुर गांव में रविवार को हुए एक दर्दनाक हादसे और उसके बाद हुई दूसरी घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। यहां खेत में लगाए गए फेंसिंग तार में फैले करंट की चपेट में आने से बड़े भाई की मौत हो गई। बड़े भाई की मौत से सदमे और डर में आए छोटे भाई ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के टी-शर्ट पर पत्नी के नाम लिखा सुसाइड नोट भी मिला है।

जानकारी के अनुसार  महेशपुर गांव निवासी नर्मदा प्रसाद रविवार को खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए फेंसिंग तार के संपर्क में आ गए, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट की चपेट में आने से वे तार से चिपक गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने तुरंत उन्हें प्रेमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।बड़े भाई की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और घर में तनाव का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद छोटे भाई गणेश राम काफी डरे और सहमे हुए थे। उसी रात वे घर से कुछ दूरी पर स्थित महुआ पेड़ पर फांसी के फंदे पर झूल गए। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने गणेश राम का शव पेड़ पर लटका देखा, जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।मृतक गणेश राम के टी-शर्ट पर पत्नी के लिए लिखा गया सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने लिखा है  “रीना मुझे माफ कर देना।” परिजनों का कहना है कि बड़े भाई की मौत के बाद गणेश राम मानसिक रूप से परेशान और भयभीत थे, जिसके कारण उन्होंने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।घटना की जानकारी मिलने पर प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न कोणों से जांच कर रही है।यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और गांव में शोक का माहौल है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!