


जशपुर: होली से पहले नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जशपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत 18.4 किलो गांजा जब्त कर तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मॉडिफाइड नई बोलेरो (कीमत लगभग 14 लाख रुपये) भी जब्त की है। जब्त गांजे की कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा ओड़िशा से गांजा लाकर मध्यप्रदेश के सिंगरौली ले जाया जा रहा था। बीती रात थाना कुनकुरी क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर वाहन क्रमांक एमपी 66 जेडएच 6806 को रोका गया। तलाशी के दौरान बोलेरो के नीचे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर से 18.4 किलो गांजा बरामद हुआ।गिरफ्तार आरोपियों में गोलारमन यादव (61 वर्ष), शिवराम यादव (26 वर्ष) एवं रामेश्वर यादव (30 वर्ष) निवासी जिला सिंगरौली (मध्यप्रदेश) शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा उन्हें ओड़िशा में रहने वाले उनके रिश्तेदार (साला) ने उपलब्ध कराया था। पुलिस ने उसे भी आरोपी बनाया है और गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर दी है।आरोपियों के विरुद्ध थाना कुनकुरी में अपराध क्रमांक 45/26 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है।इसी क्रम में सिटी कोतवाली जशपुर ने 28 फरवरी 2026 को किराए के मकान में डंप कर रखे 24.840 किलो गांजा (कीमत 12.42 लाख रुपये) के साथ दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
































