


गौरेला: जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से थाना गौरेला में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ सिंह ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न कुरियर कंपनियों के डिलेवरी बॉय को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में ई–कॉमर्स प्लेटफॉर्म जैसे Flipkart, Amazon और Meesho के माध्यम से होने वाली डिलेवरी को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने कहा कि यदि किसी ग्राहक द्वारा चाकू, डैगर, नकली बंदूक, एयरगन या किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा आक्रामक सामग्री मंगाई जाती है, तो ऐसी डिलेवरी से पहले इसकी सूचना अनिवार्य रूप से थाना गौरेला को दी जाए।बैठक में उपस्थित प्रमुख कुरियर कंपनियों में Ecom Express, Shadowfax, Delhivery, Xpressbees और Valmo शामिल रहीं।डिलेवरी कर्मियों को यह भी निर्देशित किया गया कि डिलेवरी के दौरान यदि कोई फर्जी पहचान, गलत पता या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। ग्राहक सत्यापन प्रक्रिया में पूर्ण सावधानी बरतने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन माध्यमों के बढ़ते उपयोग को देखते हुए सेवा प्रदाताओं के साथ समन्वय आवश्यक है, ताकि अपराध की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। थाना गौरेला पुलिस ने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह की बैठकें आगे भी आयोजित की जाती रहेंगी।
































