


नारायणपुर: नारायणपुर में बीते दिनों हुई श्रृंखलाबद्ध रात्रिकालीन चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के निर्देश पर जिला जेल कांकेर भेज दिया है। आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 10 फरवरी 2026 की रात लगभग 3:40 बजे से 3:50 बजे के बीच मंडी कॉम्प्लेक्स, कलेक्ट्रेट रोड स्थित तीन मेडिकल दुकानों रानी मेडिकल स्टोर, मां सिद्धिदात्री मेडिकल स्टोर और सिद्धिविनायक मेडिकल स्टोर के शटर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने भीतर प्रवेश किया था। आरोपियों ने दुकानों के गल्ले में रखी नगद राशि पार कर दी। इस संबंध में थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 15/2026, 16/2026 एवं 17/2026 धारा 331(4), 305, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।इसके बाद 17-18 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात मेन रोड स्थित राम मंदिर परिसर का ताला तोड़कर चोरी की एक और घटना सामने आई। चोरों ने मंदिर से लगभग 10 हजार रुपये नगद, एक पीतल की घड़ी तथा एक तांबे का लोटा चोरी कर लिया। इस मामले में अपराध क्रमांक 22/2026 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।लगातार हो रही चोरियों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच तेज की। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान ललित कुमार सोरी, पंकज दास मानिकपुरी और अनिल पोटाई के रूप में हुई। जांच में पता चला कि तीनों आरोपी अन्य मामले में जिला जेल कांकेर में निरुद्ध थे।न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर 28 फरवरी 2026 को आरोपियों को पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है और चोरी की अन्य घटनाओं में भी संलिप्तता की जांच की जा रही है।
































