(अभिषेक सोनी)कोरिया। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस लाइन मीटिंग हॉल, बैकुंठपुर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे,अपर कलेक्टर सुरेंद्र वैद्य, एसडीएम उमेश पटेल, एसडीओपी राजेश साहू तथा डीएसपी श्याम मधुकर उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों को होली के दौरान की जाने वाली प्रशासनिक तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था से अवगत कराया तथा उनके सुझाव प्राप्त किए। बैठक में निर्देशित किया गया कि होली का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रंग खेलते समय कीचड़, पेंट आदि का प्रयोग न करें, डीजे का उपयोग न किया जाए, शराब पीकर वाहन न चलाएं एवं तीन सवारी न बैठाएं। मुस्लिम समुदाय के लोगों पर जबरदस्ती रंग न लगाया जाए तथा राहगीरों पर भी रंग डालने से बचें। होलिका दहन निर्धारित समय पर एवं सुरक्षित स्थान पर करें, बीच सड़क या बिजली तार के नीचे होलिका दहन न किया जाए। मुखौटा पहनकर हुड़दंग करने तथा सोशल मीडिया पर भड़काऊ अथवा उत्तेजक पोस्ट डालने से सख्ती से बचने की हिदायत दी गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे ने बताया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु ड्रोन से निगरानी की जाएगी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग की जाएगी तथा न्यूनतम रिस्पांस टाइम में पुलिस टीम मौके पर पहुंचेगी। कंट्रोल रूम में एंबुलेंस एवं फायर ब्रिगेड तैनात रहेंगे। महिला पुलिस बल, क्यूआरटी टीम एवं विशेष कमांडो दल भी संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किए जाएंगे।

बैठक में जनप्रतिनिधि शैलेश शिवहरे, सुभाष साहू, अनिल खटीक, पार्षदगण एवं सखी वन स्टाफ सेंटर के सदस्य सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!