


कोरिया: कलेक्टर कोरिया चंदन त्रिपाठी के निर्देशानुसार आज महिला एव बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक सम्पन्न हुई।जिला पंचायत कोरिया के मंथन कक्ष में दोनों विभाग प्रमुखों ने अपने विभागीय योजनाओं में प्रगति की जानकारी पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की। इस बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने दोनों विभागों से जुड़े हुए कई विषयों पर गहन समीक्षा कर संबंधितों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए।
समीक्षा के महत्वपूर्ण विषय
समीक्षा बैठक में जिले में महिलाओं के शत प्रतिशत संस्थागत प्रसव, शिशु मातृ मृत्यु दर, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में जिले के लक्ष्य अनुसार प्रगति पर, महिलाओ को वितरित होने वाले गर्म भोजन की उपलब्धता, शून्य से पांच वर्ष के बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड बनवाने, आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छ पेयजल, शौचालय की उपलब्धता, पोषण ट्रैकर पर ऑनलाइन इंट्री तथा आकांक्षी ब्लॉक की केपीआईएस इंट्री सहित अन्य कई विषयों पर समीक्षा की गई।
आपका काम सर्वाधिक जिम्मेदारी भरा
दोनों विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए सीईओ डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि हमारे समाज में महिलाओ और बच्चों की भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। जिले में शत प्रतिशत प्रसव संस्थागत हो और दूरस्थ क्षेत्रों में इसका विशेष ध्यान रखें। पोषण अभियान में महिलाओं और बच्चों को निरंतर निगरानी में रखें। स्वास्थ्य एवं पोषण के सभी इंडिकेटर्स पर सुधार के निर्देश देते हुए उन्होंने शत प्रतिशत आंगनबाड़ी में स्वच्छ पेयजल और स्वच्छ शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। आकांक्षी ब्लॉक में निर्धारित सभी बिन्दुओं को गंभीर होकर पूरा कराएं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित एच आरपी की त्वरित पहचान करने के साथ टीकाकरण आदि विषयों को बेहद गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी मानक बिंदुओं पर तथा आकांक्षी ब्लॉक के केपीआईएस पोर्टल पर शत प्रतिशत सही इंट्री करने के निर्देश भी दिए।
लापरवाही पर चार को नोटिस
विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ डॉ आशुतोष ने पदीय दायित्वों में लापरवाही पर जमगहना सेक्टर सहित जिले की कुल चार सेक्टर सुपरवाइजरों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। एक सप्ताह में आवश्यक सुधार न होने पर उन्होंने जिम्मेदार मैदानी अमले पर कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश दिए।
संयुक्त बैठक में शामिल अधिकारी
महिला एव बाल विकास विभाग के तत्वाधान में आयोजित बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री रावटे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ प्रशांत सिंह, दोनों जनपदों के परियोजना अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला और ब्लॉक प्रबंधक तथा सारे सेक्टर सुपरवाइजर शामिल रहे।































