


बिलासपुर: राजकिशोरनगर स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स में हुई बड़ी लूट की घटना के बाद बिलासपुर में सराफा व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच सुरक्षा को लेकर व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बिलासा गुड़ी के चेतना हॉल में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता एसएसपी रजनेश सिंह ने की, जिसमें जिलेभर के सराफा व्यापारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।बैठक से पहले प्रदेश सराफा संघ के अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन गोल्ड’ की 11 सदस्यीय विशेष टीम का भव्य सम्मान किया गया। इस टीम ने अंतरराज्यीय गिरोह को मात्र 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लूटकांड का खुलासा किया था। कार्यक्रम में आईजी रामगोपाल गर्ग, एसएसपी रजनेश सिंह, एडिशनल एसपी पंकज पटेल सहित टीम के अधिकारियों और जवानों को शॉल एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि जिले की अब तक की सबसे बड़ी लूट की घटना का इतनी तत्परता से खुलासा होना ऐतिहासिक उपलब्धि है। अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी और लूटे गए माल की सुरक्षित बरामदगी से व्यापारियों में विश्वास बहाल हुआ है। उन्होंने इस कार्रवाई में उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग की भी सराहना की।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए रणनीतिक कार्रवाई की, जिसका परिणाम रहा कि गिरोह को 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया गया। उन्होंने कहा, “आम जनता भी पुलिस का हिस्सा है। सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।”बैठक में एसएसपी रजनेश सिंह ने सराफा व्यापारियों को कड़े सुरक्षा मानकों की जानकारी दी। उन्होंने दुकानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने, आभूषणों के परिवहन में सावधानी बरतने और मजबूत सुरक्षित भंडारण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्देशों का पालन नहीं करने वाले व्यापारियों की संघ सदस्यता का नवीनीकरण नहीं किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि मिर्जापुर तक पहुंचकर आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली 11 सदस्यीय विशेष टीम में डीएसपी निमितेश सिंह परिहार, निरीक्षक किशोर केवट सहित विभिन्न थानों के अधिकारी और जवान शामिल थे।यह बैठक हालिया घटनाओं के बाद सुरक्षा रणनीति को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है, जिससे पुलिस और व्यापारियों के बीच विश्वास और सहयोग को नई मजबूती मिली है।
































