बलरामपुर: अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर जिला बलरामपुर-रामानुजगंज में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) संपन्न किया गया चार महीने तक चले निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन दिनांक 21 फरवरी 2026 को प्रकाशित की गई, जिसमें कुल-5,35,989 मतदाता पंजीकृत है। मतदाता सूची के प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशन के बाद 4350 मतदाताओं की वृद्धि हुई (शुद्ध वृद्धि)। 772 बीएलओ ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए और 5,73,571 मतदाताओं के मिलान और मैपिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से प्राप्त नवीनतम फोटोग्राफ भी अंतिम मतदाता सूची में प्रकाशित की गई।

भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वावन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार जिला बलरामपुर-रामानुजगंज में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान शुरू किया गया। राज्य भर में 27 अक्टूबर 2025 से शुरू हुए और चार महीने तक लगातार चले एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान के विभिन्न चरणों के प्रभावी संचालन के बाद आज 21 फरवरी 2026 को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया गया है। मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने या मतदाता सूची से अपना नाम हटवाने से संबंधित दावे और आपत्तियां 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 के बीच प्रस्तुत किए गए थे। प्राप्त दावे/आपत्तियों का निराकरण 14 फरवरी 2026 तक किया गया।

अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी  राजेन्द्र कटारा के द्वारा जिला के सभी नागरिकों को इस अभियान में अभूतपूर्व सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त किया गया।निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए 02 मतदाता पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ), 11 सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ), 772 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और 1200 बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) सहित कई स्वयं सेवकों की सक्रिय भागीदारी रही है। साथ ही जिले के मतदाताओं एवं मीडिया, राजनीतिक दलों और अन्य संगठनों का भी सहयोग प्राप्त हुआ।

प्रमुख आंकड़े और उपलब्धियां

डिजिटलीकरण- कुल 5,73,571 मतदाताओं में से 5,31,639 मतदाताओं से गणना फॉर्म प्राप्त हुए, जिनका पूर्ण रूप से डिजिटलीकरण किया गया। घर-घर सर्वे-बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा निरंतर घर-घर जाकर सर्वे किया गया, जिसमें मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित और दो स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं की पहचान की गई।
मतदाताओं की संख्या में बदलाव
प्रारूप (ड्राफ्ट) सूची से पहले 5,73,571 मतदाता। प्रारूप (ड्राफ्ट) सूची के प्रकाशन के बाद 5,31,639 मतदाता। अंतिम मतदाता सूची 5,35,984 मतदाता। शुद्ध वृद्धि, प्रारूप (ड्राफ्ट) सूची के प्रकाशन के बाद अंतिम सूची में 4,350 मतदाताओं की वृद्धि हुई है।

प्रक्रिया और पारदर्शिता

एसआईआर की घोषणा के बाद से ही जिले में 5,73,571 मतदाताओं को गणना फॉर्म के वितरण से लेकर उनके डिजिटलीकरण का कार्य मिशन मोड पर किया गया। इस दौरान जो गणना फॉर्म मृत मतदाता, स्थायी स्थानांतरण या अनुपस्थिति के कारण वापस नही मिले, उनकी पुष्टि के लिए बूथ लेवल अधिकारियों और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के बीच बैठकें आयोजित की गई।
जिले में इन बैठकों के अंत में, जिन मतदाताओं के गणना फॉर्म वापस नहीं आए, उनकी सूची विधानसभा क्षेत्रवार जिला निर्वाचन अधिकारी जिला बलरामपुर-रामानुजगंज की वेबसाइट  balrampur.gov.in और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ की वेबसाइट  https://ceochhattisgarh.nic.in पर प्रकाशित की गई थी।
चार महीने तक चली निरंतर प्रक्रिया के बाद, 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर आज 21 फरवरी 2026 को जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के सभी मतदान केंद्रों सहित प्रत्येक निर्धारित स्थानों पर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है।

निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन जिला निर्वाचन अधिकारी जिला बलरामपुर-रामानुजगंज की वेबसाइट  balrampur.gov.in और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ की वेबसाइट https://ceochhattisgarh.nic.in  पर भी उपलब्ध है, जहाँ मतदाता अपने विवरण की जाँच कर सकते हैं।

इस प्रक्रिया की मुख्य बातें निम्नलिखित हैं

जिले में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अंतिम मतदाता सूची की दो प्रतियां (1) फोटोयुक्त प्रिंटेड और 1 फोटोरहित सॉफ्ट कॉपी) निःशुल्क साझा की गई। फोटोग्राफ अपडेट- विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से प्राप्त नवीनतम फोटोग्राफ भी अंतिम मतदाता सूची में प्रकाशित की गई।
मतदाता सूची में विधानसभावार हुए बदलावों का विवरण
जिला बलरामपुर-रामानुजगंज में विधानसभावार अंतिम मतदाता सूची के आंकड़े। जिसके अंतर्गत 2026 के मतदाता मसौदा सूची अंतर्गत विधानसभा प्रतापपुर-06 (आंशिक) में 1,23,840 मतदाता। 1406 जोड़े गये, 107 विलोपित किए गये, 1299 शुद्ध जोड़ गये, जो कि शुद्ध परिवर्तन का 1.04 प्रतिशत है। इस प्रकार अंतिम मतदाता सूची 2026 में 117649 मतदाता है। इसी प्रकार विधानसभा रामानुजगंज -07 में 226527 मतदाता। 2129 जोड़े गये, 687 विलोपित किए गये, 1442 शुद्ध जोड़ गये, जो कि शुद्ध परिवर्तन का 0.64 प्रतिशत है। इस प्रकार अंतिम मतदाता सूची 2026 में 208865 मतदाता है। इसी प्रकार विधानसभा सामरी-08 में 223204 मतदाता। 1916 जोड़े गये, 307 विलोपित किए गये, 6609 शुद्ध जोड़ गये, जो कि शुद्ध परिवर्तन का 0.72 प्रतिशत है। इस प्रकार अंतिम मतदाता सूची 2026 में 209475 मतदाता है।
इस प्रकार कुल 2026 के मतदाता मसौदा सूची अंतर्गत तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 573571 मतदाता। 5451 जोड़े गये, 1101 विलोपित किए गये, 4350 शुद्ध जोड़ गये, जो कि शुद्ध परिवर्तन का 0.75 प्रतिशत है। इस प्रकार अंतिम मतदाता सूची 2026 में 535989 मतदाता है।
इस प्रकार 01 जनवरी 2026 की पात्रता तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा भी प्रपत्र संख्या-6 भरकर भविष्य में प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। भविष्य में समय-समय पर होने वाले आवश्यक संशोधनों के अनुसार, नागरिक प्रपत्र संख्या 6, 7 और 8 भी भर सकेंगे। एसआईआर के दौरान आगामी अर्हता तिथि 01/10/2026 के संदर्भ में भावी मतदाताओं से आवेदन प्रपत्र-6 में प्राप्त किया गया है।
सभी मतदाता अंतिम मतदाता सूची में (अंतिम प्रकाशित) अपना नाम वेबसाइट https://ceochhattisgarh.nic.in     वोटर पोर्टल https:// voters.eci.gov.in]  ECINETAPP,   बीएलओ के माध्यम से, जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय /ईआरओ/एईआरओ कार्यालय से जांच सकते है।
महत्वपूर्ण निर्देश
यदि आपका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरकर, उसके साथ घोषणा पत्र (डिक्लेरेशन) और आवश्यक सहायक दस्तावेज़ संलग्न कर ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। अंतिम मतदाता सूची में दी गई जानकारी में कोई त्रुटि एवं स्थानातंरण हेतु फॉर्म-8 भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन या ऑफलाइन सुधार के लिए आवेदन किया जा सकता है।
किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में छूट न जाए तथा कोई किसी अपात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो इस उद्देश्य के साथ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची की शुद्धता, आधुनिकता और समावेशिता के लिए चलाए गए इस निर्वाचक नामावलियों का इस विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को सफल बनाने में निर्वाचन प्रणाली के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, बूथ लेवल अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का कार्य सराहनीय रहा है।

07 मार्च 2026 से पूर्व जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष कर सकते हैं अपील

उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बताया गया है कि भारत निर्वाचन आयोग एवं कार्यालय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार ऐसे मामलों में जहां निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी  SUO MOTO के आधार पर पात्रता की गहन जांच करने और सुनवाई का पर्याप्त अवसर देने के बाद ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली में प्रस्तावित निर्वाचक को एक निर्वाचक के रूप में नामांकित होने के लिए अयोग्य पाते हैं, ऐसे मामले में अंतिम निर्वाचक नामावली में शामिल न हो। ऐसे निर्वाचकों के पास ईआरओ के निर्णय के 15 दिनों के भीतर जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रथम अपील दायर करने का अधिकार होगा। इसी क्रम में द्वितीय अपील प्रथम अपीलीय अधिकारी के निर्णय के 30 दिनों के भीतर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के समक्ष की जा सकती है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!