


रायगढ़: रायगढ़ पुलिस ने इंटरस्टेट ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलकाता के एक होटल में दबिश देकर 5 नामी सटोरियों समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 25 मोबाइल, 3 लैपटॉप, 1 टैबलेट, एक कैलकुलेटर और 3,600 नकद समेत करीब 6.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। जांच में पिछले एक माह में करोड़ों रुपये के दांव लगाए जाने का खुलासा हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में यह संयुक्त कार्रवाई साइबर थाना, कोतवाली और चक्रधरनगर पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि पूर्व के फरार आरोपी कोलकाता से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क संचालित कर रहे हैं। इसके बाद टीम हावड़ा के एक होटल पहुंची, जहां से स्थायी वारंटी धर्मेंद्र शर्मा, शेख मोहम्मद शाहबाज, मजहर, फारूख और रोहित बुटानी को गिरफ्तार किया गया।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल के जरिए संपर्क कर ऑनलाइन बेटिंग ऐप के माध्यम से क्रिकेट वर्ल्ड कप मैचों पर दांव लगवा रहे थे। पूरा नेटवर्क डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संचालित किया जा रहा था।इन आरोपियों के खिलाफ पहले भी थाना कोतवाली और चक्रधरनगर में जुआ एक्ट के तहत अपराध दर्ज हैं और न्यायालय से स्थायी वारंट जारी थे। इस कार्रवाई से कुल 9 स्थायी वारंटों की तामिली की गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दो टूक कहा कि रायगढ़ जिले में जुआ-सट्टा पूरी तरह बंद कराया जाएगा और इससे जुड़े हर आरोपी को जेल भेजा जाएगा। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।इस सफल कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा सहित साइबर और स्थानीय थानों की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।































