


सूरजपुर: सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र में धान चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी में शिकायतकर्ता का बेटा भी शामिल है। दोनों ने घर का ताला तोड़कर 8 बोरी धान चोरी की और मोटरसाइकिल से बेचने ले जा रहे थे। पुलिस ने धान, बाइक और औजार जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार 18 फरवरी 2026 को ग्राम कुम्दा बस्ती निवासी रामबिलास राजवाड़े ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके नए घर का ताला तोड़कर भोर करीब 4 बजे उनके बेटे डिगम्बर राजवाड़े ने अपने साथी मुन्ना पैंकरा के साथ मिलकर धान चोरी कर लिया।प्रार्थी के अनुसार दोनों आरोपी लगभग 3 क्विंटल धान पल्सर मोटरसाइकिल से बेचने ले जा रहे थे। गांव वालों के हल्ला करने पर दोनों धान लेकर फरार हो गए। मामले में अपराध क्रमांक 43/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए), 112(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।विवेचना के दौरान पुलिस ने दबिश देकर आरोपी डिगम्बर राजवाड़े (30 वर्ष) निवासी कुम्दा बस्ती तथा मुन्ना पैंकरा (22 वर्ष) निवासी फोकटपारा शिवनंदनपुर को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने ताला तोड़कर दो बार में कुल 8 बोरी धान चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर 8 बोरी धान, परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 29 ए 1618 तथा ताला तोड़ने में प्रयुक्त सरिया जब्त किया गया।जांच में यह भी सामने आया कि मुन्ना पैंकरा थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश है और उसने उक्त पल्सर मोटरसाइकिल को जयनगर थाना क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी विश्रामपुर प्रकाश राठौर, प्रधान आरक्षक जयप्रकाश तिवारी, सोहर लाल पावले, आरक्षक अजय प्रताप सिंह सक्रिय रहे।
































