बिलासपुर: शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। मंगलवार रात करीब 9 बजे सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में एक ज्वेलरी कारोबारी पर पिस्टल तानकर हमला कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए गए। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए, जबकि घायल व्यापारी किसी तरह थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

घटना टेलीफोन एक्सचेंज रोड, शक्ति चौक से बीएसएनएल ऑफिस के बीच सुनसान इलाके की है। राजकिशोर नगर स्थित माँ महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी दुकान बंद कर अपनी मेहरून रंग की कार से घर लौट रहे थे। तभी कार और एक पैशन प्रो बाइक पर सवार 3–4 नकाबपोश बदमाशों ने उनकी गाड़ी जबरन रोक ली।आरोप है कि बदमाशों ने दरवाजा खोलने का दबाव बनाया और बाहर निकलते ही पिस्टल तानकर “जेवर दे दो, नहीं तो जान से जाओगे” कहकर धमकाया। विरोध करने पर छीना-झपटी हुई, इसी दौरान एक आरोपी ने पिस्टल के बट और हथौड़े से संतोष तिवारी के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद कार में रखे सोने-चांदी के जेवर लेकर हमलावर फरार हो गए।

भागते वक्त बदमाश अपनी एक कार CG 10 BJ 8147 और पैशन प्रो बाइक CG 10 P 0331मौके पर ही छोड़ गए। वहीं पीड़ित की मेहरून रंग की कार CG 10 AH 7707 (Renault) भी लूट ले गए। घटनास्थल से पुलिस को एक मैगजीन और कुछ राउंड भी मिले हैं, जो चलाए नहीं गए थे।घायल व्यापारी थाने पहुंचा, जहां से उसे उपचार के लिए भेजा गया। सिर में गंभीर चोट बताई जा रही है।सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि 17/02/26 की रात करीब 9 बजे अज्ञात आरोपियों द्वारा मारपीट कर वाहन व जेवर लूट की सूचना मिली है। पुलिस ने चारों ओर नाकेबंदी कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!