


सूरजपुर: रेलवे विभाग में भृत्य (चपरासी) के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए थाना जयनगर पुलिस ने फरार आरोपी सुदामा दास को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस मामले में मुख्य आरोपी अज्जू सिंह को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम आमगांव निवासी बालरूप सिंह ने 4 मई 2025 को थाना जयनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि सितंबर 2023 में उसके परिचित अज्जू सिंह पिता बुढ़न सिंह, निवासी ठाकुरपुर, थाना गांधीनगर ने रेलवे विभाग में चपरासी की नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके एवज में उसने अलग-अलग किस्तों में अपने और अपने भाई से कुल 2 लाख 38 हजार 600 रुपये ले लिए।काफी समय बीत जाने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो पीड़ित ने रकम वापस मांगी। इस पर आरोपी ने केवल 70 हजार रुपये लौटाए, जबकि शेष राशि वापस नहीं की। खुद को ठगा महसूस करने पर बालरूप सिंह ने पुलिस की शरण ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना जयनगर में अपराध क्रमांक 122/2025 धारा 420 एवं 34 भादंवि के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने विवेचना के दौरान 6 मई 2025 को मुख्य आरोपी अज्जू सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथी सुदामा दास के साथ मिलकर ठगी की योजना बनाकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद से ही सुदामा दास फरार चल रहा था।
डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर द्वारा पुराने लंबित मामलों की समीक्षा कर फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थाना जयनगर पुलिस लगातार आरोपी की पतासाजी कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने थाना बगीचा, जिला जशपुर क्षेत्र से फरार आरोपी सुदामा दास पिता स्व. समल दास, उम्र 48 वर्ष, निवासी मरौल बरडीपा टोला को धर दबोचा।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अज्जू सिंह के साथ मिलकर धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद उसे 17 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जयनगर रूपेश कुन्तल एक्का, एसआई सोहन सिंह, प्रधान आरक्षक रजिन्दर एक्का, आरक्षक हरिशंकर सिंह, सुरेश साहू और अम्बिका मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
































