बलरामपुर:  महत्वाकांक्षी योजनाओं के जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर  राजेंद्र कटारा ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित फ्लैगशिप योजनाओं की साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर योजनाओं की प्रगति की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है, इसके लिए सभी विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें और निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

कलेक्टर श्री कटारा ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के लिए शासन द्वारा संचालित योजना अंतर्गत मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ गति लाएं और पीएम जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों को प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित करें, ताकि अंतिम छोर के व्यक्ति तक शासन के मंशानुरूप लाभ पहुँचाया जा सके। इस दौरान महिला सशक्तिकरण की दिशा में लखपति दीदी के क्रियान्वयन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। कलेक्टर ने आकांक्षी ब्लॉक के प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों में अपेक्षित गति लाने के निर्देश दिए साथ ही निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्यों को पूरा करने को कहा।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने एएनसी रजिस्ट्रेशन, संस्थागत प्रसव और नियमित टीकाकरण के लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा। उन्होंने सुदूर अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाने हेतु पीएम जनमन मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा लगाए गए शिविरों, टीबी स्क्रीनिंग एवं चिरायु योजना के अंतर्गत बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण की बिंदुवार जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड और वय वंदन कार्ड की प्रगति की समीक्षा की तथा शेष लोगों के कार्ड बनाने के लिए शिविर लगाने के निर्देश भी दिए। ताकि अधिक से अधिक पात्र जन लाभ ले सकें।

कलेक्टर श्री कटारा ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पीएम जनमन योजना अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों के कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर तकनीकी मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य पूर्ण करने को भी कहा।

कलेक्टर ने अवैध अतिक्रमण पर सतत कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर अवैध कब्जों को चिन्हित करने तथा उन्हें तत्काल हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिक्रमण को प्राथमिकता से हटाना आवश्यक है।

जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को सतत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध माइनिंग में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्यवाही करते हुए नियमित निगरानी कर ऐसी गतिविधियों पर पूर्णतया रोक लगाना सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता सहित सभी अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!