


MP News: सीहोर के कुबेरेश्वर धाम में चल रहे रुद्राक्ष उत्सव से लौट रहे एक श्रद्धालु की शनिवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. मृतक की पहचान उज्जैन जिले के नागदा निवासी 67 वर्षीय शंकर दास चांदनी के रूप में हुई है. घटना सीहोर रेलवे स्टेशन की बताई जा रही है, जहां वे घर लौटने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे थे.
चक्कर आने पर जमीन पर गिर पडे़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5:30 बजे शंकर दास स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर मौजूद थे. इसी दौरान उन्हें अचानक चक्कर आया और वे लड़खड़ाकर जमीन पर गिर पड़े. गिरते ही वे बेहोश हो गए. यह देख आसपास खड़े यात्रियों और रेल कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और उनकी सांसें व धड़कनें सामान्य करने के लिए मौके पर ही सीपीआर देने की कोशिश की है.
मौत के कारणों का नहीं हुआ खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस को बुलाया गया और उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उनका परीक्षण किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्राथमिक तौर पर मामला अचानक तबीयत बिगड़ने का माना जा रहा है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों को सूचना दे दी गई है.
































