


राजनांदगांव: राजनांदगांव पुलिस ने शहर में दहशत फैलाने वाले ‘चार्ली गैंग’ का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गैंग के मुख्य आरोपी शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली समेत कुल 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने 2 पिस्टल, 2 देशी कट्टे और 1 जिंदा कारतूस बरामद किया है।
यह कार्रवाई चिखली चौकी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला 12 फरवरी 2026 का है। शंकरपुर क्षेत्र के लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी कि डब्बा मैदान कब्रिस्तान के पास एक युवक ‘चार्ली’ अपने साथियों के साथ हथियार लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा है।सूचना मिलते ही चिखली चौकी प्रभारी ने टीम बनाकर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली ने बताया कि उसने अपने साथी विक्की देशमुख के साथ मिलकर मध्यप्रदेश के धार-बड़वानी क्षेत्र से ये हथियार खरीदे थे।
पुलिस की पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए। इसके बाद साइबर सेल की मदद से पुलिस ने दुर्ग और धमतरी तक जाल बिछाकर बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपियों पर पहले से केस दर्ज हैं।
शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली (26) के खिलाफ मारपीट और प्रतिबंधात्मक धाराओं में कई मामले दर्ज दर्ज हैं। डिगम्बर साहू उर्फ छोटू (27) पर मारपीट और अवैध वसूली के पुराने मामले दर्ज हैं। सेवक कश्यप उर्फ डाला (22) आर्म्स एक्ट और मारपीट के कई मामलों में संलिप्त है।इसके अलावा गुंजेश वर्मा उर्फ शिवा (26), विक्की देशमुख उर्फ मोनू (25) के खिलाफ छेड़खानी और धमकी के पुराने केस दर्ज हैं। जतीनदास मानिकपुरी (27) को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया। जबकि उमेष साहू उर्फ बठालू (26) हत्या के प्रयास (धारा 307) का पुराना आरोपी है।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 111 (BNS) धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से सभी आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
































