रायगढ़: रायगढ़ लक्ष्मीपुर स्थित ओला शोरूम के पास दो गुटों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें 4 नाबालिग बालक शामिल हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार दीनदयाल कॉलोनी निवासी एक स्कूली छात्र ने 6 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि वह दोस्तों के साथ स्कूटी से लौट रहा था, तभी लक्ष्मीपुर ओला शोरूम के पास पहले से मौजूद अभय सिंह ठाकुर, कपिश मित्तल व उनके साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते रास्ता रोककर हाथ-मुक्कों, डंडों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बनाया जो बाद में वायरल हो गया। घायल छात्र को राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।इस मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 51/2026 धारा 115(2), 126(2), 296, 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में बलवा की धाराएं भी जोड़ी जा रही हैं।पुलिस ने दो आरोपियों अभय सिंह ठाकुर (19 वर्ष) और कपिश मित्तल (18 वर्ष) को हिरासत में लिया है। नाबालिग आरोपियों को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जबकि अन्य आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा जाएगा।सीएसपी मयंक मिश्रा ने आरोपियों के परिजनों और स्कूल शिक्षकों को बुलाकर बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि “रायगढ़ जिले में गुंडागर्दी, सार्वजनिक मारपीट और कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर वायरल होकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों को चिन्हित कर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। जिले में शांति और अनुशासन बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!