बलरामपुर। बलरामपुर जिले के थाना राजपुर पुलिस ने भोले-भाले ग्रामीण किसान से 49 हजार रुपये की ठगी के मामले में फरार चल रहे दूसरे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की गई राशि में से 18 हजार रुपये नकद एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले में अब तक कुल 38 हजार रुपये की बरामदगी हो चुकी है।

थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि 2 फरवरी 2026 को प्रार्थी निबल साय अपने पुत्र के साथ सहकारी बैंक राजपुर में धान बिक्री की राशि निकालने आया था। बैंक से 49 हजार रुपये नकद प्राप्त करने के बाद प्रार्थी अपने पुत्र का इंतजार करता रहा। पुत्र के नहीं लौटने पर वह अकेले पैदल अपने गांव डांड खड़ुआ की ओर रवाना हुआ।इसी दौरान रास्ते में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवक उससे मिले। उन्होंने पहले तंबाकू मांगा और फिर उसके बेटे का नाम पूछकर उससे परिचय होने का झांसा दिया। ग्रामीण की सरलता का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने प्रार्थी के बेटे का परिचित होने और गांव तक छोड़ने की बात कहकर उससे कपड़े में बंधे 49 हजार रुपये अपने पास ले लिए। कुछ दूरी पर दुकान से सामान लेने  का बहाना बनाकर दोनों आरोपी रुपये लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना उसी दिन देर रात प्रार्थी द्वारा अपने पुत्र के साथ थाना राजपुर में दी गई, जिस पर अपराध क्रमांक 25/2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर के निर्देश पर थाना प्रभारी राजपुर द्वारा विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें प्रार्थी को मोटरसाइकिल पर ले जाते हुए फुटेज प्राप्त हुई। फुटेज के आधार पर पहले आरोपी जेल कुमार पिता रामलाल (27 वर्ष), निवासी ग्राम तुंगा, थाना लखनपुर, जिला सरगुजा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20 हजार रुपये जब्त किए गए थे।इसके बाद फरार चल रहे शातिर आरोपी राम सिंह पिता नान साय (27 वर्ष), निवासी ग्राम तुंगा, थाना लखनपुर, जिला सरगुजा को 7 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 18 हजार रुपये नकद एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG-15-ED-5697 जब्त की गई।

पूछताछ में आरोपी राम सिंह ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसका साथी जेल कुमार पूर्व में भी थाना लखनपुर क्षेत्र में इसी तरह की ठगी के मामले में जेल जा चुका है और जमानत पर छूटने के बाद दोनों मिलकर आसपास के क्षेत्रों में लगातार ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। ठगी की शेष राशि आरोपियों द्वारा खाने-पीने व घूमने-फिरने में खर्च कर दी गई।पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!