


हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस से एक बेहद ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां एक सेना के जवान की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जवान की हत्या से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला थाना सादाबाद क्षेत्र के एनएच-93 पर स्थित एक कोल्ड स्टोरेज के पास का है। यहां बीती शाम भारतीय सेना के जवान अखिलेश चौधरी की 4-5 बाइकों पर सवार बदमाशों ने गाड़ी रोकर उनकी ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई। जवान ने गाड़ी से निकलकर किसी तरह भागने की कोशिश को तो बदमाशों ने दौड़ाकर गोली मारी। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतक फौजी की पहचान आगरा के आर्मी बेस वर्कशॉप में तैनात अखिलेश चौधरी के रूप में हुई है। जो की समदपुर, थाना सादाबाद का निवासी था। वहीं परिजनों का कहना है मारपीट की पुरानी रंजिश के चलते यह वारदात हुई है। हत्याकांड के पीछे पुलिस ने लव मैरिज और पुरानी रंजिश का एंगल बताया है। अखिलेश चौधरी ने करीब 5-6 साल पहले एक निधि नाम की एक लड़की से लव मैरिज की थी. लड़की के पक्ष के लोग इस शादी के खिलाफ थे।
Hathras Goli Kand:वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सहित तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसओजी और सर्विलांस सहित 5 टीमों का गठन किया गया है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस हत्याकांड के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। हर कोई जवान की हत्या से दहशत में है।
































