


रायपुर। राजधानी रायपुर के जोरा इलाके में चलती ऑडी कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। कार में सवार दो लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते लग्जरी कार धू-धू कर जलने लगी और बीच सड़क पर ट्रैफिक रुक गया। आग की लपटें इतनी तेज थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए।
वहीं सूचना मिलते ही ट्रैफिक जवान मौके पर पहुंचे और यातायात को संभालते हुए सड़क पर लगने वाले जाम को नियंत्रित किया। घटना की जानकारी मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की वजह से लगी हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।
गौरतलब है कि, चलती गाड़ियों में आग लगने की ऐसी घटनाएं पहले भी कई बार सामने आ चुकी हैं, जिसने वाहन सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल राहत की बात यह है कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
































