


रायपुर: छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें हर महीने बिजली बिल के लिए दफ्तरों या काउंटरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने एक नई डिजिटल सुविधा शुरू की है, जिसके तहत उपभोक्ताओं को उनका बिजली बिल सीधे व्हाट्सएप पर पीडीएफ फॉर्मेट में प्राप्त होगा।
इस सेवा के शुरू होने से उपभोक्ता न सिर्फ अपना बिल मोबाइल पर देख सकेंगे, बल्कि उसे डाउनलोड कर सुरक्षित रख सकेंगे और जरूरत पड़ने पर प्रिंट भी निकाल सकेंगे। सबसे खास बात यह है कि बिल के साथ ही ऑनलाइन भुगतान के लिए डायरेक्ट लिंक भी दिया जाएगा, जिससे भुगतान प्रक्रिया आसान और तेज हो जाएगी।
प्रदेश में लगभग 65 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से करीब 40 लाख उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर कंपनी में रजिस्टर्ड हैं, जबकि लगभग 30 लाख उपभोक्ता व्हाट्सएप का उपयोग करते हैं। कंपनी इन उपभोक्ताओं तक चरणबद्ध तरीके से यह सेवा पहुंचाएगी।
ऑफिशियल ब्लू टिक आईडी से आएगा मैसेज
बिजली बिल का व्हाट्सएप संदेश CSPDCL की आधिकारिक और वेरीफाइड ब्लू टिक आईडी से भेजा जाएगा। इस मैसेज में कंपनी का अधिकृत मोबाइल नंबर 942555-1912भी दर्ज होगा, ताकि उपभोक्ता किसी भी फर्जी या धोखाधड़ी वाले संदेश से सतर्क रह सकें।
कंपनी के अनुसार, जैसे ही मीटर रीडिंग सिस्टम में दर्ज होगी, उपभोक्ता को उसी समय व्हाट्सएप पर पूरा डिटेल बिल पीडीएफ फॉर्मेट में प्राप्त हो जाएगा। यह सुविधा हिंदी, छत्तीसगढ़ी और अंग्रेजी तीनों भाषाओं में उपलब्ध रहेगी। उपभोक्ता अपनी पसंद की भाषा ‘मोर बिजली ऐप’ के माध्यम से चुन सकते हैं।
ऐसे कराएं अपना व्हाट्सएप नंबर रजिस्टर्ड
जिन उपभोक्ताओं का व्हाट्सएप नंबर अभी कंपनी में दर्ज नहीं है, वे इसे दो तरीकों से रजिस्टर करा सकते हैं टोल फ्री नंबर 1912 पर कॉल करके या मोर बिजली ऐप के माध्यम सेइसके लिए उपभोक्ता को अपना 10 अंकों का बीपी नंबर और अंतिम बिल भुगतान की जानकारी देनी होगी।
CSPDCL के प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, ताकि समय की बचत हो और बिजली सेवाएं और अधिक पारदर्शी व सुगम बन सकें।
































