


अंबिकापुर: सरगुजा जिले में युवाओं को नशे से बचाने के उद्देश्य से पुलिस और आबकारी विभाग ने प्रतिबंधित ई-सिगरेट, वेप और फ्लेवर लिक्विड की अवैध बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर के नेतृत्व में की गई संयुक्त कार्रवाई में दो अलग-अलग मामलों में दो दुकानदारों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों से लगभग 55 हजार रुपये मूल्य का प्रतिबंधित सामान और चाइनीज चाकू बरामद किए गए हैं।
पहला मामला थाना मणीपुर क्षेत्र का है। 5 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि जिला अस्पताल रोड, मणीपुर स्कूल के सामने स्थित “अमित मोबाइल व गिफ्ट गैलरी” में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट और उससे जुड़ी सामग्री बेची जा रही है। टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान संचालक अमित अग्रवाल (35) को पकड़ा। तलाशी में 148 फ्लेवर लिक्विड, 16 वेप, 2 इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट, 12 ब्रेन फ्रीजर फ्लेवर तथा 40 चाइनीज चाकू बरामद किए गए। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 49,400 रुपये आंकी गई है।
दूसरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। आबकारी उड़नदस्ता और पुलिस को सूचना मिली कि स्कूल रोड, वाणीदूत स्टूडियो के सामने सुशील कुमार केशरी अपने पान ठेला व डेली नीड्स की दुकान में ई-सिगरेट बेच रहा है। छापेमारी में आरोपी के पास से 24 रिफिल और 10 फ्लेवर बरामद किए गए, जिनकी कीमत करीब 4,960 रुपये बताई गई।
दोनों मामलों में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट (उत्पादन, विनिर्माण, आयात, निर्यात, परिवहन, विक्रय वितरण, भंडारण और विज्ञापन प्रतिषेध) अधिनियम 2019 की धारा 7 व 8, बीएनएस की धारा 270 तथा कोटपा एक्ट की धारा 6(ख) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
डीआईजी एवं एसएसपी ने जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों, अभिभावकों और नागरिकों से अपील की है कि वे युवाओं को ई-सिगरेट के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें और किसी भी प्रकार की अवैध बिक्री की सूचना कंट्रोल रूम नंबर 9479193599 पर दें। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ही इस प्रतिबंध को पूरी तरह लागू किया जा सकता है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, सीएसपी राहुल बंसल, जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता सहित पुलिस व आबकारी टीम के अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रहे।
































