


अंबिकापुर: सरगुजा जिले में मछली व्यवसायी से लूट और अपहरण जैसे गंभीर मामले में सरगुजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में साइबर सेल और थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने 48 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खातों में जमा लूट की रकम में से 56 हजार रुपये होल्ड कराए गए हैं, वहीं घटना में प्रयुक्त 03 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल निवासी मछली व्यवसायी अरुप दास 03 फरवरी को व्यवसाय के सिलसिले में कोलकाता से अंबिकापुर आए थे और मानस होटल में ठहरे थे। स्थानीय विक्रेताओं से संपर्क के दौरान जब वे मौलवी बांध तालाब की ओर मछली देखने जा रहे थे, तभी एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों ने उन्हें और उनके साथी को रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और दोनों को अलग-अलग वाहनों में बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले गए।
वहां आरोपियों ने मारपीट कर 35 हजार रुपये नकद, मोबाइल और पर्स लूट लिए। इसके बाद एक कमरे में बंद कर अन्य साथियों के साथ मिलकर दोनों से 2 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। धमकाकर अलग-अलग माध्यमों से कुल 1 लाख 01 हजार रुपये की लूट की गई और अगली सुबह उन्हें छोड़ दिया गया। पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 71/26 के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपियों अलताब खान (21) और शरद चौधरी (22) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के खातों में जमा रकम में से 56 हजार रुपये होल्ड कराए गए हैं।पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, उप निरीक्षक के.के. यादव, साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
































