सूरजपुर: कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में बेंगलुरु (कर्नाटक) स्थित एक संस्था में पिछले कई महीनों से रह रही बालिका को सकुशल जिला सूरजपुर (छत्तीसगढ़) वापस लाया गया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग सूरजपुर  शुभम बंसल द्वारा कलेक्टर के निर्देशानुसार एक विशेष दल का गठन कर तत्काल बेंगलुरु (कर्नाटक) रवाना होने के निर्देश दिए गए। आदेशानुसार गठित दल में संरक्षण अधिकारी (गैर संस्थागत देखरेख) एवं चाइल्ड लाइन सुपरवाइजर शामिल थे, जो बालिका के पिता के साथ 24 जनवरी 2026 को बेंगलुरु के लिए रवाना हुए।दल 26 जनवरी 2026 को दोपहर 3 बजे बेंगलुरु पहुंचा, जहां सीधे बालिका गृह जाकर संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत उसी दिन शाम 5 बजे बालिका को दल द्वारा अपने संरक्षण में लिया गया। इस संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी को तत्काल सूचना दी गई।
दिनांक 31 जनवरी 2026 को बालिका को सुरक्षित रूप से जिला सूरजपुर लाकर बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति द्वारा नियमानुसार प्रक्रिया पूर्ण कर बालिका को उसके माता-पिता के संरक्षण में सौंप दिया गया। अपनी पुत्री को सकुशल वापस पाकर माता-पिता अत्यंत प्रसन्न एवं भावुक नजर आए।महिला एवं बाल विकास विभाग के सतत एवं समन्वित प्रयासों से बालिका का सुरक्षित पुनर्वास संभव हो सका।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!