MP News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित जीवाजी विश्वविद्यालय में रैगिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट हॉस्टल से सामने आया है, जहां बीकॉम-एलएलबी के छात्र सुधांशु अस्थाना के साथ कथित तौर पर सीनियर छात्रों ने बेरहमी से मारपीट की। इस घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के मुताबिक यह घटना 2 फरवरी की है। सुधांशु अस्थाना, जो बीकॉम-एलएलबी के 10वें सेमेस्टर का छात्र है, आर्यभट्ट हॉस्टल में रह रहा था। आरोप है कि हॉस्टल में सीनियर छात्रों ने पहले रैगिंग की और फिर उसके साथ जमकर लात-घूंसे बरसाए। मारपीट के दौरान छात्र को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद साथी छात्रों की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पीड़ित छात्र ने आरोप लगाया है कि इस तरह की रैगिंग और हिंसा की घटनाएं हॉस्टल में पहले भी होती रही हैं। उसने बताया कि कुछ समय पहले भी रैगिंग की शिकायत सामने आई थी, जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने 8 सीनियर छात्रों को परीक्षा देने से रोका था, लेकिन इसके बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ।

मारपीट के इस मामले में विश्वविद्यालय के सीनियर छात्र सौरभ गुर्जर, निखिल कुशवाह, गौरव जाट और सीरम तिवारी समेत अन्य छात्रों के नाम सामने आए हैं। घटना की जानकारी कुलगुरु को दे दी गई है। कुलगुरु ने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है।

वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि फिलहाल इसे छात्रों के बीच आपसी विवाद माना जा रहा है। प्रशासन के अनुसार, यदि इस मामले में कोई लिखित शिकायत मिलती है, तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। MP News के तहत यह घटना एक बार फिर कैंपस सुरक्षा और रैगिंग रोकने के दावों पर सवाल खड़े करती है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!