


सूरजपुर: सूरजपुर जिले के बिहारपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महुली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जंगल से भटककर भोजन और पानी की तलाश में गांव पहुंचे तेंदुए के शावक की खुले कुएं में गिरने से डूबकर मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह शावक जंगल से भटकते हुए गांव की ओर आ गया था। गांव में स्थित एक बिना घेराबंदी वाले खुले कुएं में वह अनजाने में गिर गया। काफी देर तक बाहर न निकल पाने के कारण शावक की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर वन अमला मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से कुएं से शावक के शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम एवं आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए वन विभाग द्वारा कब्जे में लिया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गर्मी और जंगल में भोजन-पानी की कमी के कारण जंगली जानवर अक्सर रिहायशी इलाकों की ओर आ जाते हैं। इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए गांवों में स्थित खुले कुओं को ढकने या घेराबंदी करने की आवश्यकता है।इस घटना के बाद ग्रामीणों में शोक और भय का माहौल है। वहीं वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास के खुले गड्ढों और कुओं को सुरक्षित करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।































