


नारायणपुर: छत्तीसगढ़ शासन की नक्सल उन्मूलन नीति के तहत अबूझमाड़ क्षेत्र में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान नारायणपुर पुलिस और आईटीबीपी को एक बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्च ऑपरेशन में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में विस्फोटक व रसद सामग्री का डंप बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार 31 जनवरी 2026 को 53वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के सेनानी संजय कुमार के मार्गदर्शन एवं उप सेनानी तेजवीर सिंह के नेतृत्व में नारायणपुर पुलिस डीआरजी और आईटीबीपी की संयुक्त टीम द्वारा घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र ग्राम मडोड़ा से भोटोर के बीच सघन जंगलों में ज्वाइंट सर्च ऑपरेशन चलाया गया।ऑपरेशन के दौरान ग्राम भोटोर के समीप जंगल क्षेत्र में नक्सलियों का एक बड़ा डंप मिला, जिसे लंबे समय से छिपाकर रखा गया था। तलाशी में सुरक्षा बलों को भारी मात्रा में डेटोनेटर बड़े ड्रम, राशन सामग्री तथा अन्य दैनिक उपयोग के साजो-सामान बरामद हुए।सर्च के दौरान एक प्रेशर कुकर IED भी मिला, जिसे आईटीबीपी की बीडीएस टीम* द्वारा मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर ब्लास्ट कर नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई में किसी भी प्रकार की जनहानि या जवानों को क्षति नहीं हुई है। सभी जवान सुरक्षित रूप से बरामद सामग्री के साथ कैंप लौट आए।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों को जड़ से समाप्त करने के लिए आगे भी इसी तरह के सघन सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेंगे।
































