

जांजगीर-चांपा। जिले के थाना शिवरीनारायण और थाना पामगढ़ क्षेत्र में 27 व 29 जनवरी की दरम्यानी रात को हुई लूटपाट व जानलेवा हमलों की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इन घटनाओं में कुल 13 आम नागरिक घायल हुए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है और एक युवक कोमा में है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नौवें आरोपी को घेराबंदी के दौरान कट्टे से फायर करने पर मुठभेड़ में पैर में गोली लगी है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सुनसान रास्तों पर राहगीरों को रोककर रॉड, डंडा व लोहे के पाइप से बेरहमी से हमला कर मोबाइल व नकदी लूट ली। थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के ग्राम कचंदा में एक के बाद एक तीन घटनाओं को अंजाम दिया गया, जिसमें मुकेश रायसागर, अमन बंजारे, दीपक कश्यप, प्रशांत कश्यप, अनिकेत रायसागर सहित कई लोग घायल हुए। वहीं थाना पामगढ़ क्षेत्र में जोगिया नाला पुल, ग्राम मेउ और चेऊडीह के पास लक्ष्मण यादव सहित अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की वारदात की गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्टील रॉड, लोहे के पाइप, डंडा, बेल्ट, तीन मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, सात मोबाइल फोन, तीन लूटे गए मोबाइल और 9,000 नकद सहित कुल 4.09 लाख की संपत्ति जब्त की है।गिरफ्तार आरोपियों में निखिल टंडन, मनीराम गोंड, नरेश यादव, रोशन टंडन, आयुष रात्रे, सन्नी और रामनाथ शामिल हैं, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़े गए हैं। रामनाथ को मुठभेड़ में पैर में गोली लगी है।
आरोपियों के खिलाफ विभिन्न अपराध क्रमांकों में भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पूछताछ में आरोपियों ने सुनियोजित ढंग से वारदात करना स्वीकार किया है।
































