

बलरामपुर: खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर चल रहे धान खरीदी का कलेक्टर राजेन्द्र कटारा एवं पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर ने विकासखण्ड बलरामपुर के कपिलदेवपुर व वाड्रफनगर के डोंगरो धान उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिकता के साथ किसानों से चर्चा कर उनका हाल-चाल जाना एवं समस्याएं भी सुनी।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने कपिलदेवपुर एवं डोंगरो खरीदी केंद्र पहुंचकर समिति प्रबंधक से धान विक्रय हेतु पंजीकृत किसानों तथा खरीदे गए धान की मात्रात्मक जानकारी ली, साथ ही साथ कुल काटे गये टोकन की जानकारी लेते हुए समिति प्रबंधक से खरीदी हेतु बनाये गये रोस्टर के का पालन करते हुए खरीदी करने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने समिति में रखे बारदानों का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कोचियों तथा बिचौलियों से धान की बिल्कुल खरीदी न हो, केंद्र में धान जाम न हो, इसके लिए धान का निरंतर उठाव करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने धान खरीदी केंद्र में आए कृषकों से चर्चा कर पूछा कि उन्हें धान विक्रय करने में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है तथा खरीदी प्रभारी को किसानों से सहयोगपूर्ण व्यवहार करने को कहा।






















