जशपुर: जशपुर पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा पर रजत जयंती वर्ष 2025-26 के अंतर्गत महिला सुरक्षा पर जनजागरूकता अभियान चरणबद्ध तरीके से जिले में दिनांक 01 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2026 तक जिले के समस्त शहरी, ग्रामीण, दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में संचालित किया गया, उक्त कार्यक्रम का समापन दिनांक 11.01.2026 को कुनकुरी क्षेत्र के ग्राम मयाली में किया गया, जिसमें मुख्य रूप से कुनकुरी क्षेत्र में संचालित समस्त स्व सहायता समूह की महिलायें उपस्थित रही।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष  सुशीला साय ने महिलाओं की सामाजिक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण का मूल आधार स्वयं की पहचान एवं आत्मनिर्भरता है। उन्होंने अपने जीवन अनुभव साझा करते हुए बताया कि अपने पति, जो शासकीय सेवक हैं, की प्रेरणा से उन्होंने सार्वजनिक जीवन में प्रवेश किया और सरपंच पद पर निर्वाचित होकर गांव की समस्याओं एवं विवादों का स्वयं निराकरण किया। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं को नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए आगे आना चाहिए।  

जिला पंचायत सदस्य  अनिता सिंह ने महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न महिला एवं बालिका कल्याण योजनाओं की जानकारी दी तथा उनका अधिकतम लाभ लेने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक विकास की कुंजी बताते हुए बालिकाओं की निरंतर शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता पर विशेष बल दिया।जोकारी ग्राम की सरपंच  मंजू भगत ने महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डालते हुए बालिकाओं एवं महिलाओं को खेल, शिक्षा, रोजगार एवं अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने तथा आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के लिए खड़े होने का संदेश दिया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सायबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा पर जशपुर पुलिस के साथ मिलकर कार्य रहे जय हो की टीम को पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उन्हें पुनः बधाई दी, साथ ही उनके द्वारा किये जा रहे कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दिया गया। इसके साथ ही दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की उपयोगिता, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा इत्यादि पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।जशपुर पुलिस द्वारा इस महिला जनजागरूकता अभियान के तहत् जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों, हाट-बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में जाकर जनसंवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गये, इस दौरान उपस्थित रहे महिलाओं एवं बालिकाओं को महिलाओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक उपायों, घरेलू हिंसा, लैंगिक उत्पीड़न, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, बाल विवाह के दुष्परिणाम, नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध, पाॅक्सो एक्ट, मानव तस्करी, टोनही प्रताड़ना जैसी सामाजिक कुरीतियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

नोनी रक्षा रथ की उप पुलिस अधीक्षक  आशा लकड़ा ने बताया कि जशपुर पुलिस द्वारा पूर्व से ही नोनी रक्षा दल के माध्यम से महिलाओं को लगातार जागरूक कर रही है, इसके लिये 24 घंटे हेल्पलाईन नंबर-9479128400 जारी किया गया है, इसके लिये पृथक से एक वाहन आबंटित किया गया है। किसी भी प्रकार की समस्या/शिकायत दर्ज कराने हेतु वे उनसे संपर्क कर सकते हैं। इस कार्यक्रम में  सुशीला सिंह,  अनिता सिंह,  मंजू भगत,  शीतल बजाज,  रेखा सिंह, एएसपी  राकेश कुमार पटनवार, कुनकुरी एसडीओपी कुनकुरी  विनोद कुमार मंडावी, उप पुलिस अधीक्षक  आशा लकड़ा, यूनीसेफ से  शालिनी गुप्ता,  सीमा गुप्ता एवं अन्य उपस्थित रहे। 

एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा कहा गया है कि “जशपुर पुलिस का उद्देश्य इस जनजागरूकता अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास उत्पन्न करना, अपराधों की रोकथाम हेतु सामाजिक सहभागिता बढ़ाना तथा जिले में सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना है।”

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!