

जशपुर: जशपुर जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर जशपुर पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा रजत जयंती वर्ष 2025-26 का शुभारंभ किया गया। यह जनजागरूकता अभियान 01 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक जिले के शहरी, ग्रामीण, दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में चरणबद्ध रूप से संचालित किया जाएगा।
अभियान का शुभारंभ जिला मुख्यालय जशपुर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से हुआ, जिसमें विधायक जशपुर रायमुनी भगत, नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान समाज में महिलाओं की सकारात्मक भूमिका को रेखांकित करते हुए जिले की तीन विशिष्ट महिलाओं को उनके उत्कृष्ट और प्रेरणादायी कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं में जनजातीय बच्चों को क्रिकेट का प्रशिक्षण देकर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने वाली पंडरी बाई, पर्वतारोहण के क्षेत्र में जिले और राज्य का नाम रोशन करने वाली सुमन ताम्रकार तथा बीसीसीआई अंडर-19 टीम में चयनित होकर उपलब्धि हासिल करने वाली आकांक्षा रानी शामिल हैं। इनके माध्यम से बालिकाओं और युवतियों को शिक्षा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का संदेश दिया गया।
अभियान के अंतर्गत जशपुर पुलिस द्वारा स्कूलों, कॉलेजों, हाट-बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में जाकर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं को घरेलू हिंसा, लैंगिक उत्पीड़न, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, बाल विवाह के दुष्परिणाम, नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध, पॉक्सो एक्ट, मानव तस्करी एवं टोनही प्रताड़ना जैसी सामाजिक कुरीतियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही आत्मरक्षा के उपाय, पीड़ित प्रतिकर योजना, महिला हेल्पलाइन, पुलिस सहायता तंत्र तथा महिलाओं के कानूनी अधिकारों से भी अवगत कराया जाएगा।
जशपुर पुलिस द्वारा पहले से संचालित “नोनी रक्षा दल” के माध्यम से महिलाओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है। महिलाओं की सुरक्षा एवं त्वरित सहायता के लिए 24 घंटे सक्रिय हेल्पलाइन नंबर 9479128400 जारी किया गया है। इसके संचालन हेतु डीएसपी रैंक की महिला अधिकारी आशा लकड़ा के नेतृत्व में विशेष प्रशिक्षित टीम तैनात की गई है।
इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संविधान और कानून महिलाओं को सशक्त बनाते हैं तथा जशपुर पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में नोनी रक्षा दल की गतिविधियों का और विस्तार किया जाएगा, ताकि जिले में सुरक्षित, संवेदनशील और जागरूक वातावरण का निर्माण हो सके।





















