जशपुर: जशपुर जिले में अवैध धान परिवहन के खिलाफ जशपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में चौकी दोकड़ा क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने एक पिकअप वाहन को पकड़कर उसमें लदा 30 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत करीब 69 हजार रुपये बताई जा रही है। पिकअप वाहन सहित पूरा मामला आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।

जानकारी के अनुसार  27 दिसंबर की शाम करीब 8.30 बजे दोकड़ा पुलिस पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक सफेद रंग की पिकअप वाहन में अवैध रूप से धान लोड कर बांसबहारी–बंदरचुआ मार्ग से छत्तीसगढ़ में खपाने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बांसबहारी चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक OD-16-P-3960 को रोक लिया।तलाशी के दौरान वाहन में 70 बोरियों में भरा कुल 30 क्विंटल धान पाया गया। वाहन चालक ने अपना नाम नरेंद्र गुप्ता (36 वर्ष), निवासी ग्राम कुंजारा-नीम टोली, थाना कुनकुरी बताया। पूछताछ में वह धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या मंडी टोकन प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने अवैध धान परिवहन की पुष्टि होने पर पिकअप सहित धान को जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी दोकड़ा उप निरीक्षक अशोक यादव, प्रधान आरक्षक संजय नागवंशी, कृपा सिंधु तिग्गा, आरक्षक सुरेंद्र यादव और जय प्रताप एक्का की अहम भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में छत्तीसगढ़ में धान खरीदी चल रही है, ऐसे में बिचौलियों द्वारा सीमावर्ती राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर मंडियों में खपाने की कोशिश की जा रही है। इसे रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा सरहदी इलाकों में नाकाबंदी, लगातार पेट्रोलिंग और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में अवैध धान परिवहन पर लगातार सख्त नजर रखी जा रही है। अब तक जशपुर पुलिस 7 ट्रक, 21 पिकअप और 2 ट्रैक्टर से कुल 1899 क्विंटल अवैध धान पकड़कर जिला प्रशासन को सौंप चुकी है। आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!