

अंबिकापुर: स्वामी विवेकानंद हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों ने सरगुजा पुलिस द्वारा आयोजित नए कानूनों की प्रदर्शनी का उत्साहपूर्वक अवलोकन किया। इस अवसर पर करीब 100 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और उत्सुकता से प्रश्न पूछकर विभिन्न कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी हासिल की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार स्थानीय कला केंद्र मैदान में आयोजित इस प्रदर्शनी में छात्रों को नए एवं पुराने कानूनों, डिजिटल युग में कानून की आवश्यकता, न्याय के हित में कानून की महत्ता के बारे में समझाया गया। उपनिरीक्षक अभय तिवारी ने भारतीय न्याय संहिता, भारतीय सुरक्षा संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम, साइबर अपराध, यातायात नियम एवं नशा मुक्ति से संबंधित जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में शिक्षिका भावना सिंह, श्वेता सिंह और राकेश राय भी उपस्थित रहे और उन्होंने छात्रों के साथ बातचीत में उन्हें कानूनी जागरूकता के महत्व को समझाया। छात्रों ने प्रदर्शनी में दिखाई गई जानकारियों को बेहद सराहा और इससे कानून एवं न्याय के प्रति अपनी समझ को और गहरा किया।






















