

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल (माशिमं) ने हाई स्कूल (10वीं) और हायर सेकेंडरी (12वीं) बोर्ड परीक्षा वर्ष 2026 का टाइम टेबल जारी कर दिया है। इस बार बोर्ड ने परीक्षा पैटर्न में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए प्रश्नपत्र की संरचना को और अधिक प्रतिस्पर्धी परीक्षा के अनुरूप बनाया है। माशिमं की सचिव पुष्पा साहू ने बताया कि छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर रूप से तैयार करने के उद्देश्य से वस्तुनिष्ठ और विश्लेषणात्मक दोनों प्रकार के प्रश्नों में बदलाव लागू किए गए हैं।
सचिव के अनुसार, नए पैटर्न में प्रश्नपत्र को छह भागों में विभाजित किया गया है। ज्ञानात्मक प्रश्नों में 20%, अवबोधात्मक में 25%, अनुप्रयोगात्मक में 25%, विश्लेषणात्मक में 10%, मूल्यांकन में 10% और रचनात्मक में 10% अंक निर्धारित किए गए हैं। वस्तुनिष्ठ प्रश्न अब 1-1 अंक के 15 रहेंगे। लघु उत्तरीय प्रश्न-1 में 2 अंकों के 3 प्रश्न पूछे जाएंगे। वहीं लघु उत्तरीय-2 सेक्शन में कुल 18 अंकों के 3 प्रश्न शामिल होंगे।
दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों में भी बदलाव किया गया है। दीर्घ उत्तरीय-1 में 5-5 अंक के चार प्रश्न शामिल होंगे, जो कुल 20 अंक के होंगे। इसके अलावा दीर्घ उत्तरीय-2 में 5 अंक के दो प्रश्न रखे गए हैं, जो 10 अंक के होंगे। अति दीर्घ उत्तरीय प्रश्न में एक प्रश्न 6 अंकों का शामिल किया गया है, जिससे विद्यार्थियों की विस्तृत लेखन क्षमता का मूल्यांकन किया जा सके।
माशिमं द्वारा साझा विवरण के अनुसार इस वर्ष 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं की परीक्षा एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक रहेगा। छात्रों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा कक्ष में प्रवेश करना होगा। 9:05 बजे उत्तर पुस्तिका और 9:10 बजे प्रश्नपत्र वितरित किया जाएगा। विद्यार्थियों को 9:15 से 12:15 बजे तक उत्तर लिखने का समय मिलेगा।






















