

सूरजपुर: कुदरगढ़ धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में सिंगरौली निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए हैं। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है।
यह दुर्घटना ओड़गी थाना क्षेत्र में देर रात हुई। जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले से श्रद्धालु 30 नवंबर को कुदरगढ़ माता के दर्शन के लिए सूरजपुर आए थे। देर रात वापस लौटते समय उनकी बोलेरो (क्रमांक MP 61 A 6191) तेज रफ्तार के कारण खतरनाक मोड़ पर चालक के नियंत्रण खोने से पेड़ से टकरा गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मृतक सतीश ठाकुर का शव गाड़ी में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मशक्कत कर बाहर निकाला गया।हादसे की सूचना मिलते ही ओड़गी पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ओड़गी सीएचसी भेजा। घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।






















