बलरामपुर: खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए जिले में धान खरीदी प्रक्रिया 15 नवम्बर 2025 से प्रारंभ की जाएगी। आगामी खरीदी सीजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं। पारदर्शी खरीदी व्यवस्था, अवैध धान की रोकथाम पर शासन-प्रशासन द्वारा विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा कई स्तरों पर तैयारी एवं निगरानी की जा रही है।

कलेक्टर के निर्देशन में की जा रही सतत निगरानी

कलेक्टर  राजेन्द्र कटारा ने धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले ही प्रशासनिक अमले को पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करने के साथ ही उन्होंने विशेष रूप से जिले की सीमाओं से लगे राज्यों झारखंड, उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश की सीमाओं पर सतत निगरानी के साथ अवैध धान का परिवहन, भण्डारण करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं। कलेक्टर के निर्देश पर जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार, नायब तहसीलदार, उड़नदस्ता दल, तथा नोडल अधिकारी सक्रिय रूप से निगरानी में जुटे हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों एवं नाका, चेक पोस्टों पर पुलिस और राजस्व अमले द्वारा 24 घंटे की निगरानी रखी जा रही है, ताकि कोई भी व्यापारी या बिचौलिया अवैध रूप से धान का परिवहन न कर सके।

अवैध धान पर निरंतर की जा रही कार्यवाही

प्रशासन की सख्ती का असर अब जमीनी स्तर में देखने को मिल रहा है। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक की कार्रवाई के तहत लगभग 3450 बोरियां अवैध धान, जो कि करीब 1380 क्विंटल जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है एवं कुल 4 वाहन भी जब्त किया गया है।

अवैध गतिविधि पर दे तत्काल सूचना

प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि कहीं भी अवैध धान का परिवहन, भंडारण की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारी को सूचित करें। शिकायतकर्ता की पहचान को पूर्ण रूप से गोपनीय रखा जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!