कोरबा: कोरबा जिले के तनेरा गांव में जंगली हाथी के हमले से एक किसान की मौत हो गई। घटना रविवार रात की है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय धन सिंह गोड के रूप में हुई है। वह अपने पिता मोहन सिंह के साथ खेती का काम करता था और परिवार का कमाऊ बेटा था।हाथी देर रात अचानक गांव में घुस आया। धन सिंह को हाथी की मौजूदगी का पता नहीं चला और सामना होते ही हाथी ने उसे कुचल दिया। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा।

पसान रेंजर मनीष सिंह ने बताया कि यह हाथी अपने झुंड से अलग हो गया है। झुंड से अलग हाथी अधिक हिंसक और आक्रामक हो जाते हैं। वन विभाग लगातार मुनादी करा रहा है। ग्रामीणों को हाथी से दूर रहने और उसके साथ छेड़छाड़ न करने की हिदायत दी जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि हाथी उनकी फसलों और मकानों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे उन्हें रात भर जागना पड़ता है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने तुरंत कदम नहीं उठाए तो वे गांव छोड़ने को मजबूर होंगे। मृतक के परिवार को राज्य सरकार की ओर से 25 हजार रुपए की तत्काल सहायता राशि दी गई है।कोरबा जिले में 54 हाथियों का झुंड है। इनकी वजह से 85 से ज्यादा गांव प्रभावित हैं। वन विभाग नुकसान हुई फसलों का सर्वे कर रहा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!