

जशपुर: जशपुर जिले के फरसाबहार थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती से शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी युवक की पहचान फरसाबहार क्षेत्र निवासी तुलेश्वर राम (उम्र 19 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि एक अगस्त को युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह दिल्ली में काम करती थी जहाँ वर्ष 2024 में उसकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर तुलेश्वर राम से पहचान हुई। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और 8 सितंबर 2024 को पहली मुलाकात रायगढ़ रेलवे स्टेशन में हुई। वहां से आरोपी तुलेश्वर उसे अपने घर फरसाबहार क्षेत्र ले गया, जहाँ उसने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।इसके बाद दोनों पीड़िता के कुनकुरी स्थित घर भी गए, फिर दोबारा आरोपी के घर लौट आए। इस पूरे समय के दौरान आरोपी ने कई बार शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया। जब युवती गर्भवती हो गई तो आरोपी ने उसे दवा देकर गर्भपात करवा दिया। 28 जुलाई 2025 को एक बार फिर उसने बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया। शादी की बात करने पर आरोपी ने इनकार कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने फरसाबहार थाने में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने युवती की शिकायत पर तत्काल भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 और 89 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस महिलाओं व बच्चों से संबंधित अपराध को लेकर अत्यंत संवेदनशील है, फरसाबहार क्षेत्र से युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। महिलाओं से संबंधित अपराध में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जावेगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी फरसाबहार उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत महिला प्रधान आरक्षक सुशीला सिंह,आरक्षक मारियानुस एक्का,सुरेश एक्का और महिला आरक्षक सरोजनी खलखो की भूमिका रही।






















