

सूरजपुर: कोईरी कुशवाहा समाज द्वारा आगामी कुशं जयंती 2025 को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने की दिशा में तैयारियां ज़ोरों पर हैं। इसी क्रम में 27 जुलाई 2025 को सूरजपुर शहर के आदित्य होटल में एक संभाग स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में सूरजपुर, कोरिया एवं सरगुजा संभाग के समाजिक पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि कुशं जयंती का आयोजन 24 अगस्त 2025 को साधू राम सेवा कुंज, सूरजपुर में किया जाएगा।
इस बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संलीत कुशवाहा ने की, जिन्होंने समाज की एकता और जागरूकता पर बल देते हुए कहा कि “कोईरी कुशवाहा समाज ने हमेशा संगठित रहकर सामाजिक समरसता और परंपराओं का निर्वहन किया है। आने वाला कुशं जयंती उत्सव समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक गौरव और चेतना का प्रतीक होगा।
इस बैठक में आयोजन की संपूर्ण रूपरेखा तैयार की गई। इसमें आयोजन समिति का गठन, विभिन्न दायित्वों का निर्धारण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की योजना, सामाजिक जागरूकता अभियान, प्रचार-प्रसार की रणनीति सहित अन्य प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।इस आयोजन में परंपरा और आधुनिकता का समन्वय करते हुए समाज की पहचान और योगदान को रेखांकित करने का प्रयास रहेगा। विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प भी दोहराया गया।
इस बैठक में संभागीय अध्यक्ष सम्पतलाल कुशवाहा, कोरिया जिला अध्यक्ष चंद्रप्रकाश कुशवाहा, सचिव दयाशंकर कुशवाहा, सूरजपुर उपाध्यक्ष जवाहरलाल कुशवाहा, बसंत लाल कुशवाहा, परिक्षेत्राध्यक्ष विनोद कुशवाहा, कोषाध्यक्ष अरविन्द कुशवाहा, युवा अध्यक्ष संदीप कुशवाहा, युवा सचिव सुग्रीव कुशवाहा, सह-सचिव नरेंद्र कुशवाहा, संभाग कार्यकारिणी सदस्य उग्रसेन कुशवाहा, क्षेत्राध्यक्ष रुद्र प्रताप कुशवाहा, महेश कुशवाहा, सुशील कुशवाहा सहित समाज के कई वरिष्ठ और सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में युवा वर्ग को समाज की रीढ़ बताते हुए युवा अध्यक्ष संदीप कुशवाहा ने कहा कि, “कुशं जयंती में युवाओं की भागीदारी न केवल आयोजन को ऊर्जावान बनाएगी, बल्कि समाज के प्रति उनके जुड़ाव को और प्रगाढ़ करेगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लेकर जागरूकता अभियानों में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।”वहीं, कोषाध्यक्ष अरविन्द कुशवाहा ने आयोजन के वित्तीय पहलुओं पर जानकारी देते हुए समाज के सहयोग और पारदर्शी प्रबंधन की बात कही। क्षेत्राध्यक्ष सुशील कुशवाहा ने बताया कि आयोजन को अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए गांव-गांव जाकर प्रचार-प्रसार किया जाएगा। सोशल मीडिया, पोस्टर-बैनर और जनसंपर्क के माध्यम से समाज के सभी वर्गों तक संदेश पहुंचाया जाएगा।
बैठक में यह स्पष्ट हुआ कि कुशवाहा समाज न केवल अपने गौरवशाली अतीत को स्मरण करता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए दिशा और आदर्श भी तय कर रहा है। आगामी कुशं जयंती 2025 को लेकर समाज के सभी स्तरों पर एकजुटता और उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन को न केवल समाज के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक प्रेरणादायी सांस्कृतिक पर्व के रूप में प्रस्तुत करने का संकल्प लिया गया है।






















