

बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के सुरक्षा बल को मिली बड़ी सफलता नेशनल पार्क क्षेत्र के जंगलों में हुई मुठभेड़ में 27 लाख रुपए के इनामी 6 कुख्यात माओवादी ढेर कर दिए गए हैं। इनमें 8-8 लाख के इनामी माओवादी कन्ना ऊर्फ बुचन्ना और उर्मिला भी शामिल हैं। मुठभेड़ में कई ऑटोमैटिक हथियार, विस्फोटक और नक्सल सामग्री बरामद की गई है। पहली बार महिला सुरक्षा कर्मियों द्वारा नक्सलियों के शव को कंधे पर लाने का तस्वीर सामने आया है।
बीजापुर नेशनल पार्क इलाके के कांदुलनार, कचलारम और गुज्जाकोंटा के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर DRG बीजापुर, DRG दंतेवाड़ा और STF की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
सुबह करीब 10 बजे दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में छह माओवादी मारे गए।मारे गए माओवादियों में मद्देड़ एरिया कमेटी का इंचार्ज और 8 लाख का इनामी कन्ना ऊर्फ बुचन्ना शामिल है, जो पिछले एक दशक से कई बड़ी वारदातों का मास्टरमाइंड रहा है।बुचन्ना के खिलाफ 42 आपराधिक मामले और 18 स्थाई वारंट दर्ज थे। बस जलाने, ग्रामीणों की हत्या, IED ब्लास्ट, और पुलिस कैंप पर हमलों जैसी घटनाओं में शामिल था। 8 लाख की इनामी माओवादी उर्मिला, जो पापाराव की पत्नी और पामेड़ एरिया कमेटी की सचिव थी, भी मुठभेड़ में मारी गई। उर्मिला संगठन की लॉजिस्टिक और सप्लाई चेन की प्रमुख जिम्मेदार थी।मारे गए अन्य माओवादियों में 5 लाख का इनामी ACM जगत तामो ऊर्फ मोटू, 2-2 लाख के इनामी PM देवे, PM भगत और PM मंगली ओयाम शामिल हैं। घटना स्थल से दो इंसास रायफल, एक 9mm कार्बाइन, .303 रायफल, 12 बोर बंदूक, हैंड ग्रेनेड, रेडियो, स्कैनर, माओवादी साहित्य और अन्य सामग्रियां बरामद की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया 2025 से बीजापुर जिले में हुई विभिन्न कार्रवाइयों में अब तक 144 माओवादी मारे जा चुके हैं, 499 गिरफ्तार और 560 ने आत्मसमर्पण किया है। वहीं आईजी बस्तर पी सुन्दरराज ने बताया मुठभेड़ सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी है। बस्तर में अब नक्सलवाद के बचे हुए ठिकानों को खत्म करने के लिए अभियान और तेज़ किया जाएगा।






















