


MP News: मध्य प्रदेश के छतरपुर में ऐतिहासिक राजगढ़ पैलेस से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। राजगढ़ पैलेस, जहां वर्तमान में ओबेरॉय ग्रुप का आलीशान 5-स्टार होटल संचालित हो रहा है, के पास निर्माण कार्य के दौरान खुदाई की मिट्टी में अचानक सोने के सिक्के दिखाई दिए। घटना के बाद वहां हड़कंप मच गया और लोग सिक्कों को पाने के लिए मौके पर इकट्ठा हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, मिट्टी में लगभग 50 से 100 के बीच सोने के सिक्के मिले हैं। ये सिक्के गांव के 15 से 20 लोगों को हाथ लगे हैं। बताया जा रहा है कि सिक्के 500 साल पुराने हैं और पूरी तरह सोने के बने हुए हैं। खजाने की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोग खुदाई में जुट गए।
यह मामला केबमीठा थाना क्षेत्र में स्थित राजगढ़ पैलेस का है। पैलेस की खूबसूरत लोकेशन चंद्रनगर के पास मानगढ़ और मनियागढ़ की पहाड़ियों के बीच है, जहां चारों तरफ हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य नजर आता है। राजगढ़ पैलेस को मध्य प्रदेश सरकार ने 5-स्टार होटल के रूप में संचालित करने के लिए ओबेरॉय ग्रुप को लीज पर दिया है।
हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सोने के सिक्के किसके पास पहुंचे हैं और उनकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। लेकिन इतना तय है कि इस खजाने ने पूरे क्षेत्र में लोगों के बीच उत्सुकता और उत्साह की लहर पैदा कर दी है।






























