नई दिल्ली। राजधानी में कांग्रेस को उसके पुराने मुख्यालय 24 अकबर रोड स्थित दफ्तर को खाली करने का नोटिस जारी किया गया है। सूत्रों के अनुसार एस्टेट विभाग ने पार्टी को 28 मार्च तक परिसर खाली करने के निर्देश दिए हैं।

करीब 48 वर्षों तक 24 अकबर रोड कांग्रेस का केंद्रीय मुख्यालय रहा है। हालांकि पिछले वर्ष पार्टी ने अपना नया मुख्यालय इंदिरा भवन में स्थानांतरित कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद पुराने दफ्तर में गतिविधियां जारी थीं।

नोटिस को लेकर कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक सरकार का व्यवहार नहीं है और पार्टी इस पर विचार कर आगे की रणनीति तय करेगी।

वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आरोप लगाया कि सरकार दबाव बनाकर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अन्य दलों के कार्यालयों के मामले में भी इसी तरह की कार्रवाई की गई है।

नोटिस के बाद कांग्रेस इस मामले में कानूनी विकल्पों पर विचार कर रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!