सूरजपुर: पेट्रोल पंप परिसर में शराब पीकर झगड़ा-विवाद, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और हुड़दंग मचाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए झिलमिली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में तीन कारें भी जब्त की हैं। आरोपियों पर अलग-अलग धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

जानकारी के अनुसार 28 फरवरी 2026 की रात्रि में खाड़ापारा स्थित कल्याण पेट्रोल पंप परिसर में कुछ लोग शराब पीकर उत्पात मचा रहे थे। सूचना मिलने पर झिलमिली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लिया। जांच के दौरान तीन आरोपियों का शराब सेवन पुष्टि होने पर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36-च (2) के तहत कार्रवाई की गई। वहीं नशे में वाहन चलाने वाले एक आरोपी के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया।

दूसरे मामले में पेट्रोल पंप कर्मचारी ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए पेट्रोल पंप परिसर में गाली-गलौज कर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। इस पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।इसके अलावा एक अन्य घटना में आरोपी द्वारा 22 फरवरी 2026 को पेट्रोल पंप परिसर में कार के सनरूफ से निकलकर गाना बजाकर हंगामा करने का भी आरोप है, जिस पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।

जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी  प्रशांत कुमार ठाकुर ने थाना प्रभारियों को असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में झिलमिली पुलिस ने त्वरित विवेचना करते हुए आरोपी 1. निर्मल जायसवाल 2. प्रीतम दुबे 3. सूरज सिंह और 4. अजय चक्रधारी निवासी ग्राम बड़सरा को गिरफ्तार कर तीन वाहन जब्त कर लिया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!