


बलरामपुर: जिले में ग्रामीण युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक सशक्त पहल करते हुए, सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया आरसेटी द्वारा जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन तथा समस्त टीम के समन्वित सहयोग से ग्राम डीपाडीह, विकासखंड शंकरगढ़ में 30 दिवसीय राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम 09 जनवरी से 07 फरवरी 2026 तक आयोजित किया गया।
उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में विकासखंड कुसमी एवं शंकरगढ़ के महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत पंजीकृत हितग्राहियों का उन्नति पोर्टल में पंजीकरण कर उन्हें राजमिस्त्री प्रशिक्षण का लाभ प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का संचालन डोमेन स्किल ट्रेनर रवि केशरी द्वारा किया गया। प्रशिक्षण अवधि के दौरान ट्रेनर केशरी द्वारा परीक्षार्थियों को एक कुशल राजमिस्त्री बनने से संबंधित तकनीकी दक्षताओं के साथ-साथ बैंकिंग की सामान्य जानकारी, ऋण सुविधा, बचत, तथा स्वरोजगार से जुड़ी दैनिक जीवन की महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गई। आरसेटी संचालक पी. के. दास एवं फैकल्टी तसनीम निकहत के द्वारा बैंकिंग विषयक जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिवस राज्य स्तरीय टीम से ईडीपी शालिनी गौतम एवं डोमेन असेसर सतराम साहू द्वारा अंतिम मूल्यांकन भी किया गया। और सभी को शुभकामनाएं भी दी।
































