


बलरामपुर: देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2018 में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरूआत की गई थी। इस योजना के तहत् किसानों को हर चार महीने में 2000 रुपए की तीन किस्तों में सालाना 6000 हजार रुपए मिलते हैं। योजना अंतर्गत देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आज 22वीं किस्त जारी की गई।देश के 9 करोड़ 32 लाख से अधिक किसानों को 18 हजार 640 करोड़ रुपये की सम्मान राशि का हस्तांतरण किया गया। जिसके तहत प्रदेश के 24.71 लाख से अधिक किसानों के खातों में 498.83 करोड़ की राशि सीधे अंतरित हुई।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुल 61 हजार 225 किसानों के खातों में 12 करोड़ 38 लाख रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से जारी किया गया। जिले में भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत कृषि विज्ञान केन्द्र जाबर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जहां किसानों ने शामिल होकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्चुअल उद्बोधन का श्रवण किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी किसानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
उप संचालक कृषि रामचंद्र भगत ने कार्यक्रम में संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों को रबी सीजन में दलहन एवं तिलहन फसलों के क्षेत्र विस्तार तथा उन्नत कृषि तकनीकों के विस्तार से बताया। कृषि विज्ञान केंद्र बलरामपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. गौरव निगम ने प्राकृतिक खेती के महत्व, लाभ एवं व्यावहारिक उपयोग पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बीजांमृत, जीवांमृत बनाने की विधि, भूमि की उर्वरता संरक्षण के लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत सभी विकासखण्डों में कार्यक्रम आयोजित हुई। कार्यक्रम में कृषि एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के अधिकारी-कर्मचारी तथा किसान उपस्थित रहे।
































